Welcome, Guest   [ Register | Sign In | Take a tour | Adult Filter: On ]

अभी लिस्टिंग लाभ का समय नहीं आया

राजीव रंजन झा

कंपनी के बारे में जानने की जरूरत नहीं, उसका कारोबार समझने की जरूरत नहीं, मूल्यांकन परखने की जरूरत नहीं, बस आईपीओ में आवेदन करो और लिस्टिंग के दिन मुनाफा लेकर निकल जाओ – जी नहीं, अभी भारतीय बाजार में ऐसा वक्त नहीं लौटा है। ऐसा वक्त भारतीय बाजार में कई बार दिखा है और पिछली बार 2007 में था, लेकिन उसके बाद 2008 की शुरुआत में क्या सामने आया, यह भी हमें मालूम है।
शेयर बाजार में कल अदानी पावर का पहला दिन था। रिलायंस पावर के आईपीओ के बाद से यह अब तक का बड़ा आईपीओ था। लेकिन इस शेयर को पहले ही दिन बाजार में आईपीओ भाव से नीचे जाना पड़ा। इस आईपीओ के बंद होने के बाद मैंने लिखा था कि यह भारतीय शेयर बाजार में तेजी का नया दौर शुरू होने का प्रतीक बन सकता है, पर पहली शर्त यह है कि निफ्टी 4700 पर अटक जाने के अंदेशों को काट कर एक नयी चाल पकड़ ले। और, दूसरी शर्त यह थी कि बाजार में खुद अदानी पावर की अपनी शुरुआत निवेशकों को अच्छा मुनाफा दे सके। ये दोनों ही शर्तें पूरी नहीं हो सकी हैं!
कल अदानी पावर का शेयर 100 रुपये के आईपीओ भाव की तुलना में 5 रुपये ऊपर खुला, 107.90 रुपये के ऊपरी स्तर तक गया, लेकिन इसके बाद 98.50 रुपये तक फिसला और अंत में आईपीओ भाव पर ही टिक गया। ऐसी लिस्टिंग को देख कर निवेशक आने वाले बाकी आईपीओ के बारे में ज्यादा उत्साहित नहीं हो सकेंगे। आईपीओ लाने की कतार में खड़ी दूसरी कंपनियाँ भी इस लिस्टिंग से जरा सावधान रहेंगीं। अदानी पावर के आईपीओ को लेकर आम निवेशकों का उत्साह परवान नहीं चढ़ पाया, यह बात तो आवेदन के आँकड़ों से ही साफ दिख रही थी। भले ही इस आईपीओ को कुल 21 गुना आवेदन मिले थे, लेकिन यह केवल संस्थागत निवेशकों की बदौलत था। खुदरा आम निवेशकों के कोटे में केवल 2.2 गुना आवेदन ही मिले थे।
अदानी पावर के आईपीओ प्रबंधक दिखाते रहे कि उनका आईपीओ ‘उचित’ मूल्य पर है। लेकिन बाजार की ऐसी प्रतिक्रिया कंपनियों को यह समझाने के लिए काफी होनी चाहिए कि उन्हें अपने आईपीओ भाव तय करते समय निवेशकों के हाथ में कुछ ज्यादा देना होगा, आईपीओ भाव को वाजिब से कुछ सस्ता ही रखना होगा। हालाँकि वाजिब क्या है यह हमेशा ही बहस का मुद्दा रहता है, लेकिन इस समय तो उन्हें बिना किसी संदेह के निवेशकों को यह बात दिखानी होगी कि उनका आईपीओ ‘सस्ता’ है।

नोट : शेयर बाजार से जुड़ी ताजा खबरों के लिए http://www.sharemanthan.in पर लॉग इन करें।
अस्वीकरण