बेशक, रैनबैक्सी ने बाजार को और मीडिया को एकदम से चौंका कर रख दिया। मीडिया में पहले जो चर्चाएँ थीं, वे किसी जापानी कंपनी से तालमेल की संभावना जता रही थीं। किसी ने यह सोचा भी नहीं होगा कि सिंह परिवार रैनबैक्सी में अपनी समूची हिस्सेदारी बेचने की खबर सुनाने जा रहा है।
टीवी चैनलों की होड़ के बीच यह ब्रेकिंग न्यूज देने का सेहरा किसके सिर जाता है? किसी मीनल शाह के नाम, जो शायद अहमदाबाद में रहते/रहती हैं। इन्हें आप किसी टीवी चैनल पर नहीं देखते, किसी अखबार या वेबसाइट में नहीं पढ़ते। इन्होंने यह खबर ब्रेक की एक वित्तीय वेबसाइट के मैसेजबोर्ड पर। मैसेजबोर्ड पर अपने पोस्ट में इन्होंने साफ-साफ लिखा – "रैनबैक्सी प्रमोटर निकलने की तैयारी में हैं, डाईची को 730 रुपये प्रति शेयर पर (अपने शेयर) बेच सकते हैं। जापान की डाईची सैंक्यो रैनबैक्सी के प्रमोटरों का 34.8% हिस्सा खरीदने जा रही है। औपचारिक घोषणा आज होने की संभावना है।"
टीवी चैनलों पर कल करीब सवा ग्यारह बजे यह ब्रेकिंग न्यूज आयी थी। तब इतना ही सामने आया था कि डाईची सैंक्यो रैनबैक्सी में करीब 300-400 अरब येन का निवेश करने जा रही है। इसके बाद तमाम टीवी चैनल इस एक सूचना का मतलब निकालने में जूझते दिखे। कयास लगने लगे कि यह तो करीब पौने तीन से पौने चार अरब डॉलर का निवेश है और कंपनी की कुल मौजूदा बाजार पूंजी ही पांच अरब डॉलर है। तो फिर आधी से ज्यादा हिस्सेदारी तो खरीदी ही जा रही होगी, मतलब क्या सिंह परिवार अपना सारा हिस्सा बेचने जा रहा है? अगर हाँ, तो यह सौदा किस भाव पर हो रहा है – क्या 1000 रुपये प्रति शेयर से ऊपर का भाव मिल गया है, या 700-800 रुपये प्रति शेयर के दायरे में है यह सौदा? यह सब अटकलबाजी चलती रही करीब साढ़े ग्यारह बजे तक, जब तक रैनबैक्सी की एक प्रेस रिलीज ने यह साफ नहीं कर दिया कि सिंह परिवार अपनी सारी हिस्सेदारी डाईची सैंक्यो को 737 रुपये के भाव पर बेच रहा है।
पर मीनल शाह का यह पोस्ट सुबह 9.54 बजे का है, औपचारिक घोषणा से पौने तीन घंटे पहले और टीवी चैनलों को इस खबर की पहली गंध लगने से सवा घंटे पहले का। तो ब्रेकिंग न्यूज देने का सेहरा इन्हीं के नाम पर है। इतनी पुख्ता सटीक खबर देना बड़े-बड़े रिपोर्टरों के लिए भी सपना होता है। सेबी को चाहिए कि इन्हें तलाशे और निवेशकों की विशिष्ट सेवा के लिए सम्मानित करे। इनका कोई अपना समाचार नेटवर्क भी होगा, उसे भी पूरा सम्मान मिलना चाहिए।
राजीव रंजन झा
(शेयर बाजार का ताजा हाल जानने के लिए पढ़े दैनिक ईमेल पत्रिका 'शेयर मंथन'। शेयर मंथन में हर दिन आप पाएंगे शेयर बाजार के बारे में ताजा जानकारियां, दिग्गजों की टिप्पणियां, ब्रोकिंग फर्मों की ताजा रिपोर्टों का सार-संक्षेप और यहां तक आपके अपने शेयरों के बारे में किसी सवाल पर बाजार के विशेषज्ञों की सलाह भी। यह हिन्दी पत्रिका आपके लिए एकदम निःशुल्क है। इसे हर दिन अपने ईमेल पर पाने के लिए आप www.naradvani.com पर सदस्यता फॉर्म भरें।)

लोड हो रहा है...