Web Webdunia.com शेयर मंथन
Webdunia Portal |  Greetings |  Classifieds |  E-mail |  Take A Tour |  Font Download |  Feedback
X
Welcome, Guest  [ Portal's List |  Create Portal |  Sign In ]
 लोड हो रहा है...

• शेयर बाजार : संकेतों की भरमार

लगातार तीन दिन की छुट्टी बिताने के बाद निवेशकों और कारोबारियों को आज और आने वाले दिनों में बाजार की दिशा समझने के लिए एक साथ कई संकेतों को तौलना होगा। गुरुवार को बाजार बंद होने के बाद भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर वाई वी रेड्डी ने नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) में बढ़ोतरी का फैसला सुना दिया। शुक्रवार को विप्रो के नतीजे आये, जब बाजार बंद था। साथ ही, बड़े नतीजों का सिलसिला भी जारी है। आज रिलायंस, टीसीएस और सत्यम के नतीजे आने हैं। इसी हफ्ते मारुति और भारती एयरटेल के भी नतीजे सामने आयेंगे। इन सबसे जुड़ी उम्मीदों का हिसाब-किताब चलता रहेगा। और फिर भारतीय बाजारों की छुट्टी के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजारों की जो हलचल रही, उसका लेखा-जोखा तो लेना होगा ही।
सीआरआर बढ़ाये जाने में आश्चर्य का कोई पहलू रहा है तो बस इतना कि यह फैसला अभी ही हो गया। वैसे तो बाजार मान चुका था कि इस बार कर्ज नीति में सीआरआर को बढ़ना है। बढ़ोतरी की सीमा भी बाजार अनुमानों के मुताबिक ही रही है। इसलिए किसी शुरुआती झटके से ज्यादा इसका असर टिक पायेगा, ऐसा लगता नहीं। सीआरआर बढ़ जाने के फैसले के बाद बैंकिंग प्रमुखों के एक हिस्से की यह सोच बन रही है कि फिलहाल बैंक दर या रेपो-रिवर्स रेपो दरों में इजाफा शायद न हो। इस सोच के पीछे वजनदार तर्क जरूर है, लेकिन याद रखें कि रेड्डी साहब बाजार को चौंकाने में माहिर हैं।
विप्रो के नतीजे पहली नजर में बाजार अनुमानों से बेहतर लग रहे हैं। पहली तिमाही के लिए कंपनी ने जो अनुमान सामने रखे हैं, उनके बारे में पहली टिप्पणी यही सुनने को मिली कि यह इन्फोसिस से बेहतर है। शुक्रवार को इसके एडीआर ने 5.43% की बढ़त दिखायी है, यानी नतीजों के बाद अमेरिकी निवेशकों की पहली प्रतिक्रिया पूरी तरह सकारात्मक है। शुक्रवार को ज्यादातर अंतरराष्ट्रीय बाजार भी काफी अच्छी बढ़त दिखा रहे थे।
रिलायंस और उसके बाद मारुति और भारती के नतीजे देख लेने के बाद पूरे कॉर्पोरेट क्षेत्र के प्रदर्शन की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जायेगी। हाल में बाजार की मनोदशा काफी संभली है। अगर ये नतीजे भी बाजार को कमोबेश संतुष्ट करने में सफल रहते हैं, तो इस माहौल में एक अच्छा असर सामने आ सकता है। अरे यह क्या, आप तो फिर से 22,000 के सपने देखने लगे! इतनी भी क्या जल्दी है!

राजीव रंजन झा

(शेयर बाजार का ताजा हाल जानने के लिए पढ़े दैनिक ईमेल पत्रिका 'शेयर मंथन'। शेयर मंथन में हर दिन आप पाएंगे शेयर बाजार के बारे में ताजा जानकारियां, दिग्गजों की टिप्पणियां, ब्रोकिंग फर्मों की ताजा रिपोर्टों का सार-संक्षेप और यहां तक आपके अपने शेयरों के बारे में किसी सवाल पर बाजार के विशेषज्ञों की सलाह भी। यह हिन्दी पत्रिका आपके लिए एकदम निःशुल्क है। इसे हर दिन अपने ईमेल पर पाने के लिए आप www.naradvani.com पर सदस्यता फॉर्म भरें।)
श्रेणियाँ: Blog