Web Webdunia.com शेयर मंथन
Webdunia Portal |  Greetings |  Classifieds |  E-mail |  Take A Tour |  Font Download |  Feedback
X
Welcome, Guest  [ Portal's List |  Create Portal |  Sign In ]
 लोड हो रहा है...

• शेयर बाजार : दायरा अभी टूटा नहीं

कल की तेजी ने निवेशकों के मन में काफी हद तक उत्साह लौटाया होगा। बाजार ने कल के कारोबार में कई सकारात्मक संकेत दिये हैं। लेकिन इसके बावजूद, अभी शायद पक्के भरोसे से यह नहीं कहा जा सकता कि बाजार पिछले कुछ समय से बने दायरे से बाहर निकल आया है। बेशक, यह अभी अपने मौजूदा दायरे के ऊपरी छोर पर है। हो सकता है कि आज अंतरराष्ट्रीय बाजारों की तेजी के सकारात्मक संकेतों से यह ऊपरी छोर भी पार हो जाये। लेकिन जब तक ऐसा हो नहीं जाता और बाजार नये दायरे में टिक नहीं जाता, तब तक पूरे भरोसे से कुछ कहना मुश्किल ही होगा।
सेंसेक्स अप्रैल में पहली बार कल 16,000 के ऊपर बंद होने में कामयाब रहा। दरअसल 3 अप्रैल के बाद यह पहला मौका था, जब सेंसेक्स इस महत्वपूर्ण स्तर के ऊपर आ सका, और आने के बाद टिका भी। कल की तेजी में बाजार को आईटी शेयरों की उछाल से तो सहारा मिला ही, साथ ही रिलायंस ने भी बाजार को अच्छी ताकत दी। अगर रिलायंस और सेंसेक्स के कल के चार्ट की तुलना करें, तो आप देखेंगे कि दिन के पहले आधे हिस्से में दोनों बिल्कुल साथ-साथ ऊपर की ओर बढ़े। दोपहर बाद के कारोबार में रिलायंस ने बाजार की तेजी को भी पीछे छोड़ दिया और आगे निकल गया। रिलायंस की खास बात यह रही कि 28 फरवरी के बाद पहली बार यह 2,600 रुपये से ऊपर आया है। दरअसल सेंसेक्स ने तो 22 जनवरी को अपनी हाल की तलहटी बना ली थी, लेकिन रिलायंस उसके बाद भी फिसलता रहा था और मार्च के दूसरे-तीसरे हफ्ते में 2,100-2,200 के निचले स्तरों पर अटक गया था। लेकिन हाल में इसने 2,120 का जो स्तर बनाया था, वहां से अब यह 23% ऊपर आ चुका है।
अगर आईटी शेयरों को लेकर निवेशकों का उत्साह बना रहता है और साथ ही रिलायंस में भी मजबूती कायम रहती है, तो जरूर उम्मीद की जा सकती है कि बाजार अपने दायरे को तोड़ कर अगली सीढ़ी पर आ जायेगा। इसके लिए सेंसेक्स का 16,000 के ऊपर टिकना बेहद महत्वपूर्ण होगा। लेकिन साथ ही निफ्टी का 4,600-4,900 के दायरे से बाहर निकलना भी जरूरी है। निफ्टी के लिए 5,000 का स्तर एक महत्वपूर्ण लक्ष्य होने के साथ-साथ एक मजबूत बाधा भी साबित हो सकता है। (स्पष्टीकरणः रिलायंस और आईटी शेयरों में मेरा कुछ निजी निवेश है।)

राजीव रंजन झा

(शेयर बाजार का ताजा हाल जानने के लिए पढ़े दैनिक ईमेल पत्रिका 'शेयर मंथन'। शेयर मंथन में हर दिन आप पाएंगे शेयर बाजार के बारे में ताजा जानकारियां, दिग्गजों की टिप्पणियां, ब्रोकिंग फर्मों की ताजा रिपोर्टों का सार-संक्षेप और यहां तक आपके अपने शेयरों के बारे में किसी सवाल पर बाजार के विशेषज्ञों की सलाह भी। यह हिन्दी पत्रिका आपके लिए एकदम निःशुल्क है। इसे हर दिन अपने ईमेल पर पाने के लिए आप www.naradvani.com पर सदस्यता फॉर्म भरें।)
श्रेणियाँ: Blog