Web Webdunia.com शेयर मंथन
Webdunia Portal |  Greetings |  Classifieds |  E-mail |  Take A Tour |  Font Download |  Feedback
X
Welcome, Guest  [ Portal's List |  Create Portal |  Sign In ]
 लोड हो रहा है...

• शेयर बाजार - इन्फोसिस: निराश नहीं

इन्फोसिस के नतीजों पर बाजार में बहस कई दिनों तक चलेगी, लेकिन पहली नजर में इन नतीजों को देख कर यही लगता है कि इनसे निराश होने की क्या जरूरत है? कंपनी ने चौथी तिमाही में 4542 करोड़ रुपये की आमदनी हासिल की है, जो ठीक पिछली तिमाही से 5.97% ज्यादा है। कंपनी का 1249 करोड़ रुपये का तिमाही मुनाफा तीसरी तिमाही की तुलना में 1.44% ज्यादा है (बेशक यहां कंपनी कुछ और बेहतर प्रदर्शन करती तो अच्छा रहता), और ऑपरेटिंग मार्जिन 32.54% पर है। जो कंपनी अपने उद्योग के मुश्किल वक्त में 32.54% के ऑपरेटिंग मार्जिन पर चल रही हो, उससे निराश होने की गुंजाइश बचती है क्या?
पूरे बाजार की नजर चौथी तिमाही के नतीजों से ज्यादा इस बात पर रही होगी कि अगले कारोबारी साल के लिए कंपनी किस तरह के अनुमान सामने रखती है। कंपनी ने कारोबारी साल 2008-09 में आमदनी 19-21% की दर से बढ़ने का अनुमान सामने रखा है, और भरोसा जताया है कि इस दौरान वह सालाना 5 अरब डॉलर से ज्यादा का कारोबार करने में सफल रहेगी।
पर यह बात साफ है कि 2008-09 की पहली तिमाही अच्छी नहीं रहने वाली है। 2007-08 की चौथी तिमाही में कंपनी ने 4542 करोड़ रुपये की आमदनी हासिल की है, जिसकी तुलना में 2008-09 की पहली तिमाही के दौरान इसने 4570-4582 करोड़ रुपये की आमदनी का अनुमान रखा है। इसी तरह बीती चौथी तिमाही में 21.47 रुपये की ईपीएस (कर वापसी हटाने के बाद) की तुलना में पहली तिमाही के दौरान 20.73 रुपये की ईपीएस रहने का अनुमान दिया है। यानी 2008-09 की पहली तिमाही में कंपनी आमदनी तिमाही-दर-तिमाही तकरीबन सपाट रहने और मुनाफा कुछ घटने की संभावना जता रही है।
एक निवेशक के लिए इसका मतलब यह है कि अगले 3-6 महीनों के दौरान इन्फोसिस को लेकर बाजार में ज्यादा उत्साह शायद न दिखे। अगर कुल मिलाकर बाजार की स्थिति सुधरती है तो इन्फोसिस में भी उसके हिसाब से कुछ सुधार आ सकता है, वरना फिलहाल इसमें किसी बड़ी उछाल की उम्मीद रखना वाजिब नहीं होगा। लेकिन याद रखें कि कंपनी बुनियादी रूप से अब भी बेहद मजबूत है और जब आईटी क्षेत्र की स्थिति संभलेगी, तो शायद इसके भाव आपको फैसला लेने का ज्यादा समय भी नहीं देंगे।

राजीव रंजन झा

(शेयर बाजार का ताजा हाल जानने के लिए पढ़े दैनिक ईमेल पत्रिका 'शेयर मंथन'। शेयर मंथन में हर दिन आप पाएंगे शेयर बाजार के बारे में ताजा जानकारियां, दिग्गजों की टिप्पणियां, ब्रोकिंग फर्मों की ताजा रिपोर्टों का सार-संक्षेप और यहां तक आपके अपने शेयरों के बारे में किसी सवाल पर बाजार के विशेषज्ञों की सलाह भी। यह हिन्दी पत्रिका आपके लिए एकदम निःशुल्क है। इसे हर दिन अपने ईमेल पर पाने के लिए आप www.naradvani.com पर सदस्यता फॉर्म भरें।)
श्रेणियाँ: Blog